जलालाबाद में शमी के रोते-बिलखते परिजन। स्रोत : जागरूक पाठक
जलालाबाद। बहगुल नदी में दोस्तों के साथ नहाने गए 15 वर्षीय किशोर शमी की डूबने से मौत हो गई।
बरेली हाईवे किनारे मोहल्ला नौसारा में रहने वाला जितेंद्र उर्फ जीतू का बेटा शमी, इसी मोहल्ले के राजीव का बेटा सूर्यांश व नीरज का बेटा नानू दोस्त हैं। बुधवार दोपहर तीनों लोग साइकिल से करीब दस किलोमीटर दूर गांव टापर के पास बहगुल नदी पहुंचे।
दोपहर करीब दो बजे जब ये तीनों नदी मे नहा रहे थे। तभी शमी गहराई में जाने से डूबने लगा। शमी को डूबता देख सूर्यांश और नानू चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागे। आसपास के कुछ ग्रामीण नदी की ओर पहुंचे। किशोर को डूबता देख दो तैराक युवक उसे बचाने नदी में कूद गए और बमुश्किल उसे बाहर निकाला। शमी को सीएचसी लाया गया लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह दो भाइयों में छोटा था उसकी एक बहन भी है। संवाद