निगोही। सब्जी लेने बाजार गई कस्बे की एक किशोरी को मोहल्ले का ही एक युवक अपहृत कर ले गया। शुक्रवार को हुई इस घटना के बाद किशोरी के पिता ने उसी दिन पुलिस को तहरीर दी, लेकिन थाना स्तर से कोई कार्रवाई नहीं होने पर मामले की एसपी से शिकायत की गई।
किशोरी के पिता ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री को बाजार जाते वक्त पड़ोस का एक युवक जबरदस्ती साथ लेकर चला गया। उसी दिन थाने पर भी तहरीर दी, किंतु पुलिस ने घटना किसी अन्य थाने की बता कर कोई कार्रवाई नहीं की।
प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह के अनुसार जांच से पता चला है कि किशोरी के पिता ने ढाई घाट के माघ मेला रामनगरिया में दुकान लगाई है और किशोरी वहीं से युवक के साथ चली गई। इसीलिए किशोरी के पिता को संबंधित थाने से संपर्क करने के लिए कहा गया है। संवाद