शाहजहांपुर में ट्रेन में सवार होते यात्री। संवाद
शाहजहांपुर। रक्षाबंधन पर भाइयों के घर आई बहनों की अब वापसी शुरू हो गई है। सोमवार से सरकारी कार्यालय भी विधिवत खुल जाएंगे, ऐसे में छुट्टी पर घर आए लोगों ने भी लौटना शुरू कर दिया है। रविवार को रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ रही। ट्रेनों में सीट पाने के लिए यात्रियों को जद्दोजहद करनी पड़ी।
रक्षाबंधन पर तीन दिन महिलाओं और उनके सहयात्रियों के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की सुविधा समाप्त होने के बाद यात्रियों ने अब ट्रेनों का रुख किया है। रविवार को डाउन लाइन की त्रिवेणी एक्सप्रेस पहले से ही यात्रियों से खचाखच भरी पहुंची। ट्रेन में चढ़ने और सीट पाने के लिए यात्रियों के बीच मारामारी की स्थिति रही। लखनऊ, प्रयागराज, हरदोई, बालामऊ समेत कई रूटों पर जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रही।
त्रिवेणी एक्सप्रेस के अलावा राज्यरानी एक्सप्रेस और अवध-असम एक्सप्रेस में भी यात्रियों की काफी भीड़ रही। प्लेटफार्म पर ट्रेन के इंतजार में यात्री बैठे रहे। पहले से भरी ट्रेन में प्रवेश करने में यात्रियों को काफी परेशानी हुई। दूसरी ओर रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की भीड़ से जूझ रहे रोडवेज बस अड्डे पर अब स्थिति सामान्य होने लगी है। बसों में पहले की अपेक्षा भीड़ कम हो गई है। सीएमआई एसके ठाकुर ने बताया कि रक्षाबंधन के सापेक्ष यात्रियों की भीड़ में इजाफा हुआ है।
कमाई में प्रदेश में पांचवें नंबर पर रहा शाहजहांपुर डिपो
परिवहन निगम के बेड़े से संचालित 217 बसों ने त्योहार पर रिकाॅर्ड कमाई की है। 27 अगस्त को 53 लाख 32 हजार, 28 अगस्त को 83 लाख और 29 अगस्त को 65 लाख रुपये की कमाई की गई। एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि कमाई के मामले में शाहजहांपुर डिपो ने उत्तर प्रदेश में पांचवां व रीजन में दूसरा स्थान पाया है। उन्होंने चालकों-परिचालकों को बुलाकर उत्साह बढ़ाया और मिठाई खिलाई। केंद्र अध्यक्ष मृदुल कुमार, सहायक विनोद मिश्रा, कर्मचारी नेता राजेश पांडेय आदि मौजूद रहे।
शाहजहांपुर में ट्रेन में सवार होते यात्री। संवाद