शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की मौत के मामले में पिटाई करने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। युवक ही वायरल वीडियो में पिटाई करता नजर आ रहा है। वहीं दूसरी ओर पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के अनुसार, युवक के सीने, पेट, पैर आदि पर कई चोटें पाई गईं हैं।
मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक इधर-उधर घूमता रहता था। शनिवार की रात नितिन ने युवक के साथ मारपीट की थी। रविवार की सुबह मोहल्ला बंगश में युवक का शव पड़ा मिला। थोड़ी देर बाद ही सोशल मीडिया पर पिटाई का वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने शिनाख्त न होने पर युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया था।
वीडियो के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पिटाई करने वाले की तलाश में दबिश दी। देर रात पुलिस ने नितिन को पकड़ लिया। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि आरोपी हिरासत में हैं। पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मृतक के शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।