जलालाबाद। आंवला से सपा सांसद नीरज मौर्य ने केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे के रामगंगा और पांचाल घाट पर बने पुलों की जर्जर स्थिति से अवगत कराया है। दोनों पुलों की जांच कराकर नए निर्माण की स्वीकृति दिए जाने का अनुरोध किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि बेवर-पीलीभीत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 730 सी पर अल्हागंज क्षेत्र में रामगंगा नदी पर बने पुल पर गड्ढों के कारण कुछ दिन पहले अनियंत्रित हुआ गन्ने से भरा ट्रक नदी में गिर चुका है। इसके अलावा फर्रुखाबाद में गंगा नदी के पांचाल घाट पर बना पुल भी जर्जर हो चुका है। इन दोनों पुलों की अस्थायी मरम्मत करके काम चलाया जा रहा है, जबकि हाईवे पर टोल की वसूली शुरू कर दी गई है। पत्र में जन सुरक्षा के मद्देनजर दोनों पुलों की मौजूदा स्थिति की जांच कराकर नव निर्माण कराने पर बल दिया गया है। संवाद