भावलखेड़ा। सिंधौली क्षेत्र में तेंदुए के विचरण का मामला सामने आया है। चर्चा है कि तेंदुए को गांव मुर्छा के पास सड़क पार कर खेतों में जाते देखा गया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर गई। टीम इलाके में सर्च अभियान चला रही है। फिलहाल कोई पदचिह्न न देखे जाने का दावा किया गया है।
रविवार की देर शाम गांव मुर्छा के पास एक तेंदुआ देखे जाने की चर्चा लोग करने लगे। लोगों के मुताबिक, तेंदुआ सड़क पार कर खेतों की ओर जाते देखा गया। गांव वालों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी वीरेश राव के निर्देश पर टीम मौके पर आ गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन चेकिंग की। पदचिह्नों पर गौर किया गया। रेंजर वीरेश राव ने बताया कि फिलहाल कोई पदचिह्न नहीं मिले हैं। लोगों से सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। टीम इलाके में एहतियात बरत रही है। यदि मौजूदगी पाई गई तो अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद