जलालाबाद। शाहजहांपुर रोड पर पतंग लूटने के प्रयास में इको वैन की चपेट में आए 12 वर्षीय अंकित की मौत हो गई। वह कक्षा पांच का छात्र था।
बारहपत्थर चौराहे से आगे शाहजहांपुर रोड पर बसे विश्रामनगर निवासी प्रमोद अपने परिवार के साथ रहते है। शाम के समय उनका बेटा अंकित बच्चों के साथ गंगा एक्सप्रेस-वे के इंटरचेंज के फ्लॉईओवर के पास खेल रहा था। बताते हैं कि शाम करीब साढे छह बजे एक पतंग कटकर उस तरफ आ रही थी। अंकित अन्य साथियों को वहीं छोड़ पतंग लूटने को दौड़ पड़ा। पतंग लूटने के बाद शाहजहांपुर रोड पार कर रहा था। तभी वाहन चलते देख वह भागकर डिवाइडर पर चढ़ गया, लेकिन संतुलन बिगड़ जाने से वह पीछे की ओर सड़क पर गिर गया।
इसी दौरान जलालाबाद की ओर से आ रही इको वैन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अंकित को लेकर परिजन सीएचसी पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इंस्पेक्टर राजीव तोमर ने बताया कि हादसे के बाद चालक वैन लेकर भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है। संवाद