खुटार में दरोगा की वर्दी में पकड़ा गया मथुरा का वैभव शर्मा। स्रोत पुलिस
खुटार (शाहजहांपुर)। मोहल्ला कोट में नगर पंचायत के एक सदस्य के घर में किराये पर रहने वाले एक युवक को दरोगा की वर्दी पहनकर घूमने के आरोप में पुलिस ने पकड़ लिया। पुवायां के सीओ प्रवीण मलिक के मुताबिक मथुरा के कृष्णानगर में मानसनगर का रहने वाला युवक वैभव शर्मा वर्दी पहनकर कार से क्षेत्र में घूमता था, लोग उसे असली दरोगा समझते थे। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
सीओ ने बताया कि मोहल्ला कोट में वैभव लगभग एक साल से किराये के मकान में रह रहा था। उसने लोगों को बता रखा था कि वह दरोगा है। सोमवार रात किसी ने पुलिस को सूचना दी कि मोहल्ले में फर्जी दरोगा रहता है। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रावत सूचना के आधार पर पुलिस टीम के साथ वहां पहुंचे और युवक को पकड़ लिया। उस वक्त भी वह दरोगा की वर्दी पहने हुए था। थाने लाकर उससे पूछताछ की गई।
पता चला कि वह क्षेत्र में एक साल से फर्जी दरोगा बनकर घूम रहा था। पुलिस के अनुसार, वैभव लोगों को बताता था कि एडीजी स्तर के एक अधिकारी ने उसे सीधे तैनात किया है। कभी वह अपनी तैनाती लखीमपुर तो कभी पीलीभीत में बताता था। पुलिस की पूछताछ में वह सही जवाब नहीं दे पाया।
फर्जी दरोगा बनकर घूमने का उद्देश्य भी नहीं बता सका। उससे एसओजी टीम भी पूछताछ करेगी। मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए एसएसआई सुभाषचंद्र की ओर से तहरीर दी गई है।
खुटार पुलिस ने मथुरा के वैभव शर्मा को दरोगा की वर्दी में पकड़ा है। उससे पूछताछ की गई है, साथ ही रिपोर्ट लिखी जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां