घने कोहरे के कारण शाहजहांपुर जिले में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर दस वाहन टकरा गए। रोजा थाना क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर चक भिटारा के पास चार वाहनों की भिड़ंत हो गई। इस बीच ट्रक के पहिये के नीचे फंसने से बाइक चालक महावीर (45) निवासी चकभिटारा और उनके साले हेमनाथ (30) निवासी पालीचक थाना मोहम्मदी, जिला लखीमपुर खीरी की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य भी घायल हुआ है। तिलहर में रोडवेज बस और ट्रक में टक्कर हुई। पीछे से दो कारें भी टकरा गईं। मीरानपुर कटरा में कंटेनर और पिकअप वाहन के टकराने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
चकभिटारा मोड़ के पास चार वाहन टकराए
रोजा क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को सुबह करीब नौ बजे चकभिटारा मोड़ के पास भूसी से भरा ट्रक सीतापुर की ओर मुड़ रहा था। ट्रक डिवाइडर की साइड में पहुंचा। तभी घना कोहरा होने के चलते पीछे से शाहजहांपुर की ओर से आए थ्रेसर से लोड ट्रक भूसी से भरे ट्रक को बचाने में बाइक से टकरा गया। बाइक ट्रक के पिछले पहिए में फंसकर काफी दूर तक घसीटती चली गई। वाहनों की भिड़ंत में ट्रक की टक्कर से एक ऑटो भी खाई में पलट गया।
हादसे में बाइक चालक महावीर की मौत हो गई, जबकि उसके साले हेमनाथ ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। हादसे में घायल हुए घायल ऑटो चालक विनीत निवासी गांव रतनपुर बरनी थाना उचौलिया जिला लखीमपुर खीरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रोजा थाने के इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर अधिक रुपये मांगने पर एंबुलेंस चालक पर भड़के लोग
रोजा में चक भिटारा के पास वाहनों के टकराने से बाइक सवार महावीर व उनके साले हेमनाथ की मौत हो गई। उनके शव राजकीय मेडिकल कॉलेज से पोस्टमॉर्टम हाउस लाए गए। यहां एंबुलेंस के चालक ने एक किलोमीटर दूरी का एक हजार रुपये मांगा तो मृतक के परिजन भड़क उठे। लोगों को भड़कता देख एंबुलेंस चालक नरम पड़ गया। फिर एंबुलेंस चालक ने 500 रुपया लिए। इस हादसे से दो परिवारों पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा।
15 दिन से जीजा के घर रह रहा था हेमनाथ
परिजनों ने बताया कि महावीर और उनके साले हेमनाथ राजमिस्त्री थे। हेमनाथ करीब 15 दिन से अपनी बहन रिंकी देवी व बहनोई महावीर के घर रह रहे थे। जीजा-साले सुबह आठ बजे क्षेत्र के रजऊआ गांव काम करने के लिए बाइक से निकले थे। इस बीच घर से 150-200 मीटर दूरी पर हादसा हो गया। आरोप है कि ट्रक चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था।
महावीर ने एक साल पूर्व की थी बेटी की शादी
परिजनों ने बताया कि महावीर ने बड़ी बेटी गीता भारती की शादी उन्होंने पिछले साल ही की थी। बेटी दिव्या, करन, मुनेंद्र व ज्ञानेंद्र अभी नाबालिग हैं। रिंकी देवी पर बच्चों की जिम्मेदारी आ गई है।
एक साल पूर्व हुई थी हेमनाथ के भाई की मौत
परिजनों ने बताया कि हेमनाथ अविवाहित थे। उनके बड़े भाई राजेश की एक साल पूर्व बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। उनकी मौत से चारों बहनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है।