मृतक कनिष्क का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। सिंधौली के नियामतपुर गांव में बुधवार दोपहर पैर फिसलने से खन्नौत नदी में डूबे 10 वर्षीय बालक कनिष्क का शव बृहस्पतिवार सुबह मिल गया।
परिजनों ने बताया कि कनिष्क गांव के सरकारी विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था। बुधवार दोपहर गांव के बच्चों के साथ वह खन्नौत नदी के पास भैंस चरा रहा था। उसकी एक भैंस खन्नौत नदी में उतर गई। कनिष्क नदी के पास भैंस देखने गया। तभी उसका पैर फिसल गया और वह नदी में गिरकर डूबने लगा। बच्चों ने शोर-शराबा किया। उन्होंने घर जाकर पूरी बात बताई। इसके बाद खन्नौत नदी पर लोगों की भीड़ लग गई।
स्थानीय गोताखोर व पुलिस के गोताखोरों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बृहस्पतिवार सुबह दोबारा गोताखोरों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब आधा घंटे बाद गोताखोरों ने डूबे स्थल से थोड़ी दूरी पर उसका शव बरामद कर लिया। शव को देख पिता रंजीत व मां रेखा बेसुध हो गए। परिजनों ने बताया कि मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। भाई अमन व अनिल, बहन शीतल का भी रो-रोकर बुरा हाल है।