शाहजहांपुर। रोडवेज बस अड्डे पर कानपुर जाने वाली रोडवेज की बस से हरदोई के थाना शाहबाद के शिरोमणिनगर निवासी बाल किशन वाजपेयी का गहनों से भरा बैग चोरी हो गया। वह भतीजे की शादी से घर लौट रहे थे। पीड़ित के मुताबिक, बैग में आठ लाख रुपये के जेवर थे। पुलिस ने सीसी फुटेज देखी है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आ रहा है।
खेतीबाड़ी करने वाले बाल किशन वाजपेयी के बड़े भाई विश्वनाथ वाजपेयी बरेली के गुलाबनगर में रहते हैं। बड़े भाई के बेटे की शादी में शामिल होने पत्नी लता वाजपेयी, भाभी कपूरा वाजपेयी के साथ 29 नवंबर को बरेली आए थे।
शादी समारोह के कार्यक्रम को निपटाकर त्रिवेणी एक्सप्रेस से सोमवार को शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर उतरे। वहां से रोडवेज अड्डे पर कानपुर रूट पर जाने वाली बस पर सवार हो गए। उन्होंने अपने पांच बैग सीट के ऊपर रख दिए। वह लघुशंका करने के लिए नीचे उतरे और दो मिनट के बाद लौटकर आए तो एक बैग गायब था।
ज्वेलरी से भरा बैग गायब देखकर उन्होंने पूरी बस को खंगाल लिया। इसके बाद उन्होंने इंचार्ज रूम में जाकर जानकारी दी। फिर सीसी कैमरे देखे। पीड़ित ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची ओर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को देखा। बाल किशन वाजपेयी ने थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
फुटेज में दिखा संदिग्ध बुजुर्ग, खाली हाथ बस में चढ़ा, थैला लेकर उतरा
घटना के बाद रोडवेज बस अड्डे के सीसी कैमरे देखे गए। इसमें एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। वह बाल किशन के साथ ही बस में खाली हाथ चढ़ा था। दो मिनट के बाद उतरा तो उसके हाथ में बड़ा सा थैला था। आशंका है कि उसी बुजुर्ग ने उनके जेवर व थैले को उड़ा दिया। आशंका है कि बुजुर्ग व्यक्ति स्टेशन से ही उनके पीछे लगा था।
कैमरे लगे, पर निगरानी की व्यवस्था नहीं
रोडवेज बस अड्डे पर सीसी कैमरे सुरक्षा की दृष्टि से लगाए गए हैं, लेकिन इनकी निगरानी नहीं की जाती है। परिसर में लगाए गए आधे कैमरे ही चल रहे हैं। कंट्रोल रूम के नाम पर भी मात्र खानापूर्ति हैं। 28 लाख रुपये प्रतिदिन कमाने वाले परिवहन निगम ने कंट्रोल रूम में एलईडी लगा रखी है जिससे निगरानी नहीं की जाती।
शादी में मिले थे जेवर, चोरों ने उड़ा दिए
बाल किशन ने बताया कि वर्ष 1997 में उनका विवाह हुआ था। उसी में पत्नी को जेवर मिले थे। उस समय सोना काफी सस्ता था, लेकिन अब करीब आठ लाख रुपये का जेवर होने का अनुमान है। बताया कि जीवनभर की कमाई चली गई है।
शाहजहांपुर में सदर थाने में चोरी की जानकारी देते बाल किशन वाजपेयी। स्रोत: स्वयं