- मचा हड़कंप, ठप रही बिजली सप्लाई
अमर उजाला ब्यूरो
तिलहर। विद्युत उपकेंद्र पर लाइनमैन को डरा धमकाकर कुछ लोगों ने जबरन शटडाउन ले लिया और लॉग बुक में दर्ज कर दिया। सूचना मिलने पर उपकेंद्र पर पहुंचे उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा काटा। उच्चाधिकारियों को जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने रिस्क पर सप्लाई चालू कराकर विवाद शांत कराया।
लाइनमैन डब्लू सिंह के अनुसार मौजमपुर चौकी के पीछे रहने वाले कुछ दबंगों ने उपकेंद्र पर आकर शटडाउन मांगा। लाइनमैन द्वारा कर्मचारियों के आने पर फाल्ट सही कराने का आश्वासन दिया गया, किंतु शटडाउन न देने पर वे लोग उग्र हो गए और गाली-गलौज कर लॉग बुक छीन ली। जबरन फीडर बंद कराकर लॉग बुक पर स्वयं शटडाउन अंकित कर दिया। इससे तहसील फीडर की सप्लाई लगभग डेढ़ घंटे तक ठप रही। सूचना मिलने पर उपकेंद्र पर एकत्रित उपभोक्ताओं ने हंगामा काटा। इस पर एसडीओ मनीष चौबे ने अपने रिस्क पर बिजली सप्लाई सुचारू कराई। बाद में जबरन शटडाउन लेने वाले लोगों ने माफी मांग ली। जिस पर मामला रफा दफा कर दिया गया।
आरोपियों द्वारा अपनी गलती के लिए माफी मांगने के बाद उक्त प्रकरण को समाप्त कर दिया गया है।
- मनीष चौबे, एसडीओ हाइडिल
बिजली केंद्र पर अराजकता किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गड़बड़ी फैलाने वालाें के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
- मोतीलाल, अधिशासी अभियंता तिलहर