एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट
- मृतक रामचंद्र के पास थी 11 बीघा जमीन
- उन्होंने आधी जमीन कर दी थी भतीजे के नाम
अमर उजाला ब्यूरो
परौर। जमीन के विवाद में रविवार की सुबह चचेरे भाई ने अपने दो लड़कों और पत्नी के साथ मिलकर तहेरे भाई की गड़ासा मारकर हत्या कर दी। मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कस्बा में रहने वाले राकेश गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके चचेरे ताऊ 75 वर्षीय रामचंद्र के पास 11 बीघा जमीन थी। उनके ताऊ ने शादी नहीं की थी। ताऊ के वृद्ध होने के कारण वह उनकी देखभाल करता था। रामचंद्र ने दो दिन पहले अपनी आधी जमीन का बैनामा राकेश की मां राजरानी के नाम कर दिया था। इससे राकेश का चचेरा भाई रामासरे ताऊ से नाराज रहने लगा। वह भी ताऊ की जमीन में हिस्सा चाहता था, लेकिन ताऊ उसे पसंद नहीं करते थे। इसी बात से नाराज रामासरे ने रविवार की सुबह रमेश के मकान के पास अपने लड़के अनिल, सुशील और पत्नी के साथ मिलकर रामचंद्र पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उनकी गर्दन पर गड़ासे से प्रहार किया। इससे रामचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। घायल को इलाज के लिए पीएचसी कलान भेजा गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल लाते समय रामचंद्र की रास्ते में मौत हो गई। राकेश गुप्ता की तहरीर पर रामासरे, बेटे अनिल, सुनील और उनकी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।