हरदोई जिले की सीमा में स्कार्पियो एक ट्रक से टकराई
- राजीव की बारात शुक्रवार को सकरौली गई थी
- गंभीर रूप से घायल पांच लोग लखनऊ रेफर
- रात सवा आठ बजे शव पहुंचे, मची चीख-पुकार
अमर उजाला ब्यूरो
मिर्जापुर (शाहजहांपुर)। हरदोई से मिर्जापुर के गांव उदयपुर भूड़ा लौट रही बारातियों से भरी स्कार्पियो शनिवार सुबह करीब सात बजे सबायजपुर के निकट एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में आठ बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों का लखनऊ के केजीएमसी के ट्रामा सेंटर में इलाज कराया जा रहा है। इस घटना से उदयपुर भूड़ा में मातम छा गया। जब रात करीब सवा आठ बजे सात शव गांव पहुंचे तो हर तरफ चीख पुकार मच गई।
उदयपुर भूड़ा से महेश कश्यप के पुत्र राजीव की बारात शुक्रवार को हरदोई जिले के ग्राम सकरौली गई थी। सभी बाराती छोटे चार पहिया वाहनों से गए थे। इन्हीं में से एक गाड़ी स्कार्पियो शनिवार सुबह वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना घटना सबायजपुर (हरदोई) के निकट खमरिया मोड़ पर हुई। स्कार्पियो सवार उदयपुर भूड़ा के मथुरा (55), इंद्रपाल उर्फ पप्पू (40), इंद्रपाल के पांच वर्षीय बेटे सर्वेश, सोनू (28), सुरेश के आठ वर्षीय बेटे अमित, रजनीश (18) व जैनैद (20) के साथ ही स्कार्पियो चालक मुलायम उर्फ मुल्ला की मौके पर ही मौत हो गई। चालक मुलायम जरीनपुुर ग्राम पंचायत के मजरा गोकुल नगला का रहने वाला था। इसके अलावा रघुनंदन (30)की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। स्कार्पियो में बैठे अन्य, धर्मपाल, शहजाद, महेश के आठ वर्षीय बेटे आशीष, मदनपाल व बालक शिवराम (रघुनंदन का बेटा), गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना गांव आते ही ग्राम प्रधान अब्दुल सऊद खां सहित अधिकांश लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। गांव में रह गए लोग गांव से बाहर बाग में शव आने का इंतजार करते रहे। रात करीब आठ बजे सात शव पहुंचे। चालक मुलायम का शव उसके घर वाले सीधे अपने गांव ले गए, उदयपुर से भूड़ा से उसका गांव चार किलोमीटर की दूरी पर ही है। रघुनंदन का शव लखनऊ से रात तक नहीं पहुंच सका था। संभवत: रविवार को ही सामूहिक रूप से अंतिम संस्कार किया जाएगा।