- जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने शासनादेश के बारे में दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। शिक्षक हितों की विभिन्न मांगों पर शासनादेश जारी होने पर लखनऊ से बृहस्पतिवार को लौटे प्राथमिक शिक्षक संघ के कोषाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष संजय सिंह का शिक्षकों ने फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। साथ ही शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई।
शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष श्री सिंह ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2005 से लेकर 2008 तक पदोन्नति पाने वाले शिक्षकों का 3500 रुपये तक वेतन बढ़ जाएगा, इसके लिए शिक्षकों को आठ जुलाई तक फार्म भरकर जमा करना होगा। बोले कि इस वर्ष समायोजन नहीं होगा, केवल ऐच्छिक एवं अंतर्जनपदीय स्थानांतरण होंगे और पदोन्नतियां 15 जुलाई तक की जाएंगीं। श्री सिंह ने यह भी बताया कि सहायक अध्यापकों का आकस्मिक अवकाश प्रधानाध्यापक स्वीकार कर सकेंगे।
वहीं, जिलामंत्री देवेश वाजपेयी ने बताया 17140 एवं 18150 वेतनमान का लाभ दिलाने के लिए विकल्प लेकर निर्धारण करवाकर भुगतान करवाने की जिम्मेदारी शिक्षक संघ की है। साथ ही उन्होंने शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि परेशानी होने पर संघ के पदाधिकारियों से शिकायत करें। बैठक के दौरान मीडिया प्रभारी राजकुमार तिवारी, विष्णु पाल सिंह, सरताज अली, नीरज मिश्र, मुनीश मिश्र, विद्यासागर, आदेश अवस्थी, इमरान सईद, शिवकिशोर मिश्र, विकास मिश्र केके सिंह, नवेंदु मिश्र, आनंद गंगवार आदि शामिल रहे।