शाहजहांपुर। बुधवार को दोपहर के समय सेंट पॉल की मारुति वैन में आग लग गई। वैन में आग वायरिंग में स्पार्किंग होने से लगी। शुक्र था कि वैन खाली थी, वरना बड़ा हादसा हो जाता। स्कूल परिसर में वैन को जलता देख बच्चे सहम गए। फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया, तब तक वैन काफी जल गई।
सेंट पॉल कालेज में बच्चों लाने और ले जाने वाली एक मारुति वैन का हार्न बुधवार को खराब हो गया था। यह वैन स्कूल परिसर में ही खड़ी थी। चालक यासीन ने हार्न ठीक कराने ले जाने के लिए वैन को स्टार्ट किया। तभी वायरिंग में हुई स्पार्किंग से वैन में आग लग गई। आग की लपटों की चपेट में आकर चालक यासीन झुलस गया। यह देख काफी संख्या में लोगों ने मिट्टी आदि डालकर आग को बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग तेजी ही पकड़ती गई। काफी देर बाद पहुंचे फायर कर्मियों ने आग बुझाना शुरू किया, लेकिन तब तक वैन का अंदर का सब कुछ आग में जल गया। काफी देर की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड से आग को बुझाया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने इस मामले की कड़े शब्दों में निंदा की है।
दहशत की वजह से बंद कर दिया स्कूल का गेट
जब वैन में लपटे जल रही थी, यह देख कर बच्चे ही नहीं, कालेज के शिक्षक और शिक्षिकाएं भी सहम गए थे। किसी न होनी के डर से बच्चों को उनके रूम से नहीं निकलने दिया गया। साथ ही कालेज का गेट भी बंद कर दिया गया। काफी देर तक रहे आग के तांडव से बच्चे सहमे रहे।
शुक्र रहा पेट्रोल टंकी तक नहीं पहुंची लपटें
मारुति वैन में लगी आग को शोला बनने से पहले ही काबू पा लिया गया। क्योंकि अगर एक भी चिंगारी वैन की पेट्रोल टंकी में पहुंच जाती तो बड़ा ब्लास्ट हो सकता था। शुक्र की बात रही कि टंकी तक एक भी लपट नहीं पहुंच पाई और बड़ा हादसा टल गया।