कटरा से घटियाघाट जा रहा था रमेश
शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा क्षेत्र से घटियाघाट जा रहे कांवड़ यात्री को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। चालक वाहन लेकर फरार हो गया। वाहन की टक्कर से कांवड़ यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दुर्घटना कटरा-जलालाबाद मार्ग पर स्थित गांव खाईखेड़ा के पास रविवार की रात हुई। कटरा क्षेत्र के गांव रमापुर उत्तरी निवासी रमेश (30) पुत्र राम भजन ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर रात में फर्रुखाबाद स्थित घटियाघाट जा रहे थे। गांव खाईखेड़ा के पास लघुशंका की आशंका पर ट्रैक्टर ट्राली को रोक लिया गया। कांवड़ यात्री ट्राली से उतर कर सड़क के आसपास लघुशंका करने लगे। इसी दौरान रमेश भी लघुशंका करने के लिए ट्राली से उतरा। इसी दौरान तेज गति से गुजरे किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी कुछ देर बाद ही मौके पर ही मौत हो गई। रात के अंधेरे में टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया, इसलिए पता नहीं लग पाया कि किस वाहन ने टक्कर मारी। दुर्घटना से कांवड़ यात्रियों में खासा आक्रोश देखा गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।