नरौरा से रिलीज 2.11 लाख क्यूसेक पानी से बढ़ा खतरा
- चौबारी में 25 सेमी चढ़ी रामगंगा, खन्नौत 40 सेमी उफनाई
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। बैराजों से रिलीज होने वाले पानी की बढ़ती मात्रा के समानांतर जिले से होकर बहने वाली गंगा और उसकी सहायक रामगंगा के जलस्तर में सोमवार को भी बढ़ोत्तरी जारी रही। विभिन्न घाटों पर गंगा ने चार से पांच सेमी उछाल लिया, जबकि चौबारी में रामगंगा 25 सेमी चढ़ गई है। खन्नौत के जल स्तर में बीते 24 घंटे के दौरान 40 सेमी की अप्रत्याशित वृद्घि दर्ज की गई।
बता दें कि गत एक सप्ताह से गंगा में खुलने वाले नरौरा बैराज से रिलीज होने वाले पानी की मात्रा लगातार बढ़ रही है। हालांकि, बारिश के चालू सीजन की शुरुआत में नरौरा से एक दिन में अधिकतम तीन लाख क्यूसेक पानी रिलीज हो चुका है। बाद में वहां से रिलीज पानी घटने लगा। पिछले सप्ताह नरौरा से रोजाना औसतन 90 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हो रहा था, लेकिन इसी बीच बरसात फिर से शुरू हो जाने पर बैराज से पानी भी बढ़ने लगा।
रोजाना औसतन 10-15 हजार क्यूसेक की बढ़ोत्तरी के साथ अब नरौरा के डिस्चार्ज की मात्रा दो लाख क्यूसेक से ऊपर पहुंच गई है, जबकि गंगा विभिन्न घाटों पर पहले से ही उफनाई हुई है। शारदा नहर खंड के बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार सोमवार को सुबह नरौरा से दो लाख 11 हजार 214 क्यूसेक पानी रिलीज हुआ। उधर, ढाई घाट स्थित भैंसार तटबंध पर गंगा चार सेमी उछलकर 142.92 मीटर पर पहुंच गई। वहां हाई फ्लो लाइन से नदी से सिर्फ 18 सेमी नीचे रह गई है।
सिंचाई विभाग के वरिष्ठ जल लेखा सहायक/ तार बाबू यासीन अली के अनुसार नरौरा से सोमवार को निकला पानी जिले में अगले 36 से 48 घंटे में यहां आएगा और उस स्थिति में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का विस्तार हो सकता है। चौबारी में रामगंगा चढ़ रही है। बावजूद इसके नदी में विभिन्न बैराजों से 21 हजार 238 क्यूसेक पानी बहाए जाने की सूचना मिली है। गर्रा 15 सेमी कम होकर 146.15 मीटर पर आ गई है, लेकिन खन्नौत 40 सेमी की बढ़त लेकर 144.20 मीटर पर जा पहुंची है।