- बबलू दिवाकर, गौरव और मोहित बने उपाध्यक्ष
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। बसपा की राजनीतिक उठापटक थमने का नाम नहीं ले रही है। जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार को पार्टी से निष्कासित करने के बाद उनके खास लोगों को गाज गिरनी शुरू हो गई है। पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राम लड़ैते कन्नौजिया को पद से हटा दिया गया है।
जोन कोआर्डीनेटर अरुण सागर ने बताया कि बसपा के पश्चिमी प्रभारी सांसद मुनकाद अली के निर्देश पर जिला उपाध्यक्ष श्री कन्नौजिया को तत्काल प्रभाव से पद से मुक्त कर दिया गया है। उनके स्थान पर पुवायां निवासी बबलू दिवाकर को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा गौरव सागर पुत्र शंकर लाल सागर और वैश्य समाज के मोहित गुप्ता (मीरानपुर कटरा) को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है।
ध्यान रहे कि कुछ दिन पहले जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। उन पर आरोप था कि अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान में जिला पंचायत अध्यक्ष बहादुर लाल के खिलाफ उनकी पत्नी सरिता सुमन ने मतदान किया। सरिता सुमन अविश्वास प्रस्ताव की बैठक में मतदान के लिए राम लडैते कन्नौजिया के साथ ही जिला पंचायत कार्यालय पहुंची थीं।