डग्गामार वाहनों के खिलाफ जारी रही हड़ताल
- हड़ताल को गंभीरता से नहीं ले रहा पुलिस-प्रशासन
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। हरदोई रूट पर रविवार को दूसरे दिन भी निजी बसों के चक्के थमे रहने से इस मार्ग के यात्रियों को मंजिल पाने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। इस बीच प्रशासन, पुलिस अथवा उप संभागीय परिवहन कार्यालय के अधिकारियों ने राजपत्रित अवकाश के कारण अभी तक प्राइवेट बस आपरेटर्स यूनियन की हड़ताल को गंभीरता से नहीं लिया है।
बता दें कि हरदोई रोड प्राइवेट बस स्टाफ यूनियन ने इस मार्ग पर अवैध रूप से सवारियां ढोने वाले डग्गामार जीपों और तिपहिया वाहनों का संचालन नहीं रुकने के विरोध में कल शनिवार से हड़ताल शुरू की थी। ऐसा भी नहीं है कि हड़ताल के बारे में जिम्मेदार अधिकारी अनभिज्ञ हों क्योंकि यूनियन की ओर से उन्हें हड़ताल का नोटिस जारी किया जा चुका है। अफसरों की उपेक्षा के चलते आज दूसरे दिन भी हरदोई रूट पर चलने वाली लगभग 40 बसों केचक्के थमे रहे।
खास यह है कि निजी बसों की हड़ताल शुरू होने के बाद हरदोई रोड पर चलने वाली जीपों और तिपहिया वाहनों की संख्या में भी कमी आ गई है क्योंकि डग्गामार वाहन चालकों और स्वामियों को कार्रवाई का भय सताने लगा है। बसों के अलावा अन्य वाहनों केसंचालन में कमी आ जाने से हरदोई रूट के यात्रियों को गंतव्य तक जाने के लिए ट्रेनों का सहारा लेना पड़ा। इस बीच, यूनियन के अध्यक्ष महजूज अली खां ने फिर कहा है कि डग्गामार वाहनों का संचालन जब तक बंद नहीं होगा, बसों की हड़ताल जारी रखी जाएगी।