बहादुरगंज उपकेंद्र पर प्रदर्शन, स्टाफ को लताड़ा
- एक्सईएन को ज्ञापन देकर कटौती रोकने की दोहराई मांग
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। अघोषित बिजली कटौती से भन्नाए शहर के व्यापारियों ने बुधवार को दोपहर व्यापारी सुरक्षा फोरम के जिलाध्यक्ष पंकज वर्मा सर्राफ के नेतृत्व में बहादुरगंज सब स्टेशन पर धावा बोलकर प्रदर्शन किया। इस दौरान वहां मिले स्टाफ को खरी-खरी सुनाई और अधिशासी अभियंता आरएन सिंह को ज्ञापन देकर सिस्टम कंट्रोल से जारी रोस्टर के अनुसार कटौती सुनिश्चित कराने की मांग दोहराई।
इसे संयोग कहें या फिर दुर्योग कि जब से सूबे में सपा की सरकार काबिज हुई और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शाम छह से रात दस बजे तक कटौती नहीं किए जाने की घोषणा की, तभी से बिजली सप्लाई गड़बड़ाई हुई है। यही नहीं, पॉवर कंट्रोल से घोषित कटौती रोस्टर के विपरीत मनमाने तरीके से अचानक पॉवर कट होना आम बात हो गई है। बिजली सप्लाई में सुधार नहीं होते देख फोरम से जुड़े तमाम व्यापारी आज दोपहर बहादुरगंज सब स्टेशन जा पहुंचे और तीखी नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया।
बाद में वहीं मौजूद एक्सईएन श्री सिंह को ज्ञापन देेकर कटौती का समय निश्चित किए जाने पर जोर दिया। ज्ञापन में सभी फाल्ट कटौती के दौरान सही कराने, बिजली लाइनें ठीक कराने, ट्रांसफार्मरों का लोड कम किए जाने, नेटवर्क की अन्य खराबियां दूर कराने आदि मांगें रखीं। एक्सईएन ने सिस्टम कंट्रोल से जारी कटौती रोक पाने में असमर्थता व्यक्त की, लेकिन आश्वस्त किया कि लाइन मेंटीनेंस से जुड़ी अन्य मांगों पर उचित कदम उठाए जाएंगे।
प्रदर्शन करने वालों में संजीव गुप्ता, ओमबाबू सर्राफ, मुन्ना बाजपेयी, उत्तम कुमार गुप्ता, मनोज कुमार, विवेक गुप्ता, ऋषि शर्मा, सईद खां, हरिश्चंद्र गुप्ता, शकील, विशाल, राजेश गुप्ता, राधेश्याम राठौर, शिवकुमार, बालकृष्ण रस्तोगी, मनोज कुमार गुप्ता, सुरेंद्र वर्मा आदि शामिल रहे।
बिजली समस्या को लेकर तनवीर डीएम से मिले
शाहजहांपुर। पूर्व पालिकाध्यक्ष तनवीर खां ने डीएम एके बरनवाल से मिलकर बिजली कटौती की समस्या का त्वरित समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग में सरकार विरोधी अधिकारी-कर्मचारी होने के कारण जानबूझ कर बिजली का संकट सरकार की छवि धूमिल करने के लिए कर रहे हैं। ऐेसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए और बिजली संकट को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाना चाहिए।