सेहरामऊ दक्षिणी। क्षेेत्र के गांव चौहनापुर से छह दिन पहले गायब हुए महेश का शव मंगलवार को गर्रा नदी में थाना शाहबाद(हरदोई) क्षेत्र के गांव सुहागपुर के पास बरामद हुआ है।
गांव चौहानापुर में रहने वाले ज्ञानबाबू का 20 वर्षीय पुत्र महेश 26 नवंबर को गांव के गुड्डू, चंद्रशेखर और आत्मा के साथ पड़ोस के गांव में शराब पीने गया था। दूसरे दिन महेश की चप्पल गांव के पास से गुजर रही गर्रा नदी के किनारे रखी मिली थी। ज्ञानबाबू ने महेश के तीनों साथियों पर बेटे को गायब करने का शक जताया था। रविवार को गुड्डू का शव गांव के बाहर बबूल के पेड़ के नीचे पड़ा मिला था। गुड्डू के परिवार वालों ने हत्या की आशंका जाहिर की थी। इसी के चलते गुड्डू के साथी चंद्रशेखर और आत्मा गांव से फरार हो गए थे। मंगलवार को महेश का शव बरामद हो गया है। शाहबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।