जिला गन्ना अधिकारी और सहायक चीनी आयुक्त ने कहा
- 25 से 30 नवंबर के मध्य चालू हो जाएंगी सभी चीनी मिलें
- इस वर्ष गन्ना मूल्यों का समय से किसानों का होगा भुगतान
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। जिले के गन्ना किसानों को इस साल अपना गन्ना क्र्रेशर या कोल्हू पर बेचने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा, क्योंकि जिले की सभी पांच चीनी मिलों पर दिसंबर से पहले ही गन्ना की पेराई शुरू हो जाएगी। साथ ही किसानों को इस बार गन्ना मूल्यों का भुगतान समय से मिल जाएगा। इसलिए गन्ना किसानों को परेशान न होकर धैर्य रखने की जरूरत है।
यह कहना सहायक चीनी आयुक्त विजय बहादुर और जिला गन्ना अधिकारी (डीसीओ) बीके पटेल का है। यह बात दोनों जिलास्तरीय अधिकारियों पुवायां और तिलहर की चीनी मिलों के साथ ही डालमियां ग्रुप की निगोही चीनी मिल, बजाज ग्रुप की मकसूदापुर चीनी मिल और बिड़ला ग्रुप की रोजा चीनी मिल का निरीक्षण करने की बाद कही है।
इस संबंध में डीसीओ पटेल ने बताया कि सभी चीनी मिलों की मशीनरी पर काम लगभग पूरा हो चुका है। इस वजह से मिलों में गन्ने की पेराई 25 से 30 नवंबर के बीच में हरहाल में शुरू हो जाएगी। बताया कि गन्ना किसानों को समय से उनकी फसल का भुगतान हो, इसके लिए भी तैयारी की जा रही है।