सैंपलिंग की सूचना पर डलिया छोड़कर भागे विक्रेता
- सीएफएसओ ने लिए चार नमूने, 20 किलो खोवा फिंकवाया
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। मिलावटी और सिंथेटिक खोवा की बिक्री पर रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट सीताराम गुप्त के नेतृत्व में शहर के केरूगंज बाजार की खोवा मंडी में छापा मारा। खोवा की सैंपलिंग होती देख विक्रेताओं में भगदड़ मच गई और कई विक्रेता खोवा से भरी डलिया छोड़कर भाग गए। इस दौरान अफसरों ने खोवा के चार सैंपल लिए और दूषित होने के संदेह में करीब 20 किलो खोवा नष्ट करा दिया।
सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल मई में सिंथेटिक दूध के कारोबार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश सरकार को जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्घ छापा मारकर सैंपल अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग के तत्कालीन अभिहीत अधिकारी अशोक शर्मा ने विभिन्न थानों से दूध के करीब दो दर्जन नमूने लिए थे। इनमें से आठ नमूने अधोमानक पाए गए, लेकिन सिंथेटिक दूध का कोई मामला पकड़ में नहीं आया।
इस वर्ष गर्मियों के सीजन की शुरुआत में भी दूध के करीब एक दर्जन नमूने लिए गए, लेकिन बाद में अभियान रोक दिया गया। इधर, पिछले दिनों प्रशासन को मिलावटी खोवा बिकने की शिकायतें मिलीं। डीएम ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट ने बुधवार को दोपहर कोतवाली पुलिस के साथ खोवा मंडी में छापा मारा तो वहां बैठे विक्रेताओं में अफरातफरी मच गई।
कई विक्रेता कार्रवाई से बचने के लिए अपना माल मौके पर ही छोड़कर खिसक लिए। इस दौरान सीएफएसओ डीपी सिंह और एफएसओ सर्वेश सागर ने गढ़िया रंगीन क्षेत्र के गांव सहोरा के रहने वाले प्रताप चंद्र, मदनापुर क्षेत्र के गांव मझिला निवासी राम निवास, जैतीपुर क्षेत्र के गांव बरखेड़ा निवासी सुरेश और शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव शामतगंज गौंटिया केरहने वाले वेदपाल से खोवा के नमूने सील किए।
सीएफएसओ के अनुसार सभी नमूने जांच को राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला लखनऊ भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जो दुकानदार मौके से भाग गए, उनका करीब 20 किलो खोया जब्त किया गया है। प्रथम दृष्टया जांच में खोया मिलावटी और बासी प्रतीत होने के कारण नष्ट करा दिया गया।
अभिहीत अधिकारी
अशोक ने छोड़ा कार्यभार
शासन के निर्देश पर यहां से इटावा स्थानान्तरित हुए खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहीत अधिकारी अशोक शर्मा ने बुधवार को अपना कार्यभार सीएफएसओ डीपी सिंह को सौंप दिया। उनके स्थान पर झांसी से आए टीआर रावत यहां कार्यभार लेने के बाद स्थानान्तरण अवकाश पर गए हैं। नवागत अभिहीत अधिकारी को पीलीभीत जिले का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।