शाहजहांपुर। अंतिम सूची का प्रकाशन होने के बाद वोट बनने की प्रक्रिया जारी रही। इस दौरान 9,732 मतदाताओं की संख्या में इजाफा हुआ है।
लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने पर मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया गया था। 23 जनवरी को अंतिम सूची जारी की गई थी। इस समय जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 23,22,102 थी। नामांकन के आखिरी दिन तक वोट बनाने की प्रक्रिया चलती रही। इसके बाद जारी गई सूची में जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 23,31,834 हो गई है। इसमें युवा, महिला और पुरुष मतदाता शामिल हैं। प्रशासन की ओर से अभी वर्गवार सूची जारी की जाएगी।
मतदाताओं की संख्या बढ़ने से मतदान प्रतिशत भी बढ़ने की संभावना है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार पांडेय ने कहा कि मतदाताओं में लोकसभा चुनाव को लेकर उत्साह है। इससे मतदान बढ़ने की संभावना है।