शाहजहांपुर। पश्चिमी विक्षोभ और हवा के कम दबाव वाला क्षेत्र विकसित होने आदि कारणों से मौसम के तेवर शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक बिगड़े रहे। इस दौरान तेज गरज के साथ 4.6 मिमी बारिश हुई और कई स्थानों पर मटर के दानों जैसे ओले भी गिरे। ओलावृष्टि के साथ हवा चलने से सुबह सर्दी काफी बढ़ गई। हालांकि, बादल छाए रहने से उमस बढ़ने के कारण रात में न्यूनतम तापमान भी करीब तीन डिग्री बढ़कर 14.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बैरोमीटर की रीडिंग में आठ अंक (मिली बार) के उछाल को देखते अगले 24 घंटे में बादल छटने के साथ धूप निकलने और मौसम सुधरने की संभावना है।
जिले में रुक रुक कर बारिश का सिलसिला बुधवार को देर शाम से शुरू हुआ था। शनिवार को भी तड़के पांच बजे तक बरसात होती रही। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार सुबह तक हुई 4.6 मिमी बरसात से वातावरण में आर्द्रता बढ़कर 96 फीसदी तक हो गई। दिन में अधिकांश समय बादल छाए रहने और हवा का वेग धीमा पड़ने से दिन में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा। उन्होंने बताया कि बैरोमीटर की रीडिंग मेें वृद्धि को देखते रविवार को सुबह तक मौसम सामान्य हो जाने और दिन में धूप निकलने के आसार हैं। इधर, कृषि विभाग को आरंभिक सर्वे में ओलावृष्टि से फसलों को क्षति होने के अभी कोई प्रमाण नहीं मिले हैं। जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र पाठक के अनुसार किसानों के स्तर से ऐसी कोई शिकायत मिलने पर फील्ड स्टाफ से तत्काल जांच कराकर मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।