नोट बंदी के बाद पुराने नोट पुलिस के मालखाने में अभी मौजूद हैं। वहीं नोट बैंक में जमा करने का केवल एक दिन बचा है। एसपी केबी सिंह ने बृहस्पतिवार को सभी थानाध्यक्षों से मालखाना में मौजूद रकम के बारे में जानकारी कर उन्हें मजिस्ट्रेट के आदेश से ट्रेजरी में जमा कराने को कहा। इस दौरान उन्होंने विधानसभा चुनाव को लेकर भी निर्देश जारी किए। एसपी सिटी कमल किशोर ने बताया कि नोट बंदी के बाद जिले के सभी थानों में लूट, डकैती आदि वारदातों के खुलासे में बरामद हुए नोट मालखानों में रखे हुए थे। इन्हें जमा कराने के आदेश डीजीपी ने दिए थे। इसी संबंध में बृहस्पतिवार को एसपी केबी सिंह ने सभी थानाध्यक्षों की मीटिंग ली और फिर मालखाने में मौजूद रुपयों की जानकारी कर उन्हें मजिस्ट्रेट के आदेश से ट्रेजरी में जमा करने को कहा। उन्होंने बताया कि लगभग 80 लाख रूपया विभिन्न थानों के मालखाने में मौजूद है। अब इन रुपयों को जमा कर दिया जाएगा। ताकि मालाखाना में मौजूद पुराने नोट बेकार की चीज न रहे। उन्होंने बताया कि विधानसभा में किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो और हर स्थिति में चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से निपटे, इसके लिए भी सभी थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्र में संवेदनशील बूथों व अपराधियों और संदिग्धों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।