कार की टक्कर से दो टुकड़ों में बंटा ट्रैक्टर
खुटार। कार की टक्कर से एक ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया, लेकिन कोई भी घायल नहीं हुआ। एक अन्य दुर्घटना में कार और बाइक की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए।
पुवायां के गांव पकड़िया हकीम निवासी अरुण कुमार अपने भाई नितिन कुमार और गांव के ही दीपक कुमार के साथ 26 जनवरी की शाम सात बजे बाइक से अपने फुफेरे बहनोई गांव सिंहपुर निवासी रामनिवास के घर दावत में जा रहे थे। खुटार पुवायां मार्ग पर अठकोना मोड़ के पास एक कार चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को खुटार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। अरुण और नितिन की हालत नाजुक होने के कारण उनको जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। बाद में अरुण को बरेली रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
उधर, रविवार को उत्तराखंड के सितारगंज के सिडकुल निवासी विजय कुमार परिवार के साथ कार से लखनऊ जा रहे थे। निहालपुर गन्ना सेंटर से निकले एक ट्रैक्टर से उसकी कार टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए। गनीमत रही कि एयर बैग के कारण कार में बैठे लोगों के मामूली चोट आई और वह इलाज के लिए गोला चले गए। दोनों तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नही दी गई है।