जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार
मिर्जापुर (शाहजहांपुर)। शुक्रवार को ग्राम बख्तावरगंज (लुखड़पुरा) में एक युवक की गोली मारकर हत्या की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने तमंचा व कारतूस समेत गिरफ्तार कर लिया।
मालूम हो कि बख्तावरगंज गांव निवासी 26 वर्षीय आदित्य को गांव के ही लालू ने शुक्रवार को सुबह सात बजे जान से मारने की नियत से पीठ पर तमंचा सटाकर गोली मार दी थी। इस मामले में घायल आदित्य ने गांव के बाबूराम के पुत्रों लालू, वीरपाल और अतरपाल के खिलाफ हत्या की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
थाना इंचार्ज सुधाकर पांडेय ने बताया कि घटना का मुख्य आरोपी लालू कोलाघाट पुल के नीचे अपराध में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस छिपाकर दिल्ली भागने की तैयारी में था। सूचना पर फोर्स मौके पर पहुंचा और कोलाघाट पुल के समीप आरोपी लालू को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर अपराध में प्रयुक्त तमंचा उसमे फंसा कारतूस खोखा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस गिरफ्त में आरोपी लालू ने बताया कि घटना से एक दिन पहले ढाईगांव पर हो रही कथा में एक पागल की पिटाई करते समय आदेश ने उसकी भी पिटाई कर दी थी। उसने उसी समय अपने पांच भाइयों की कसम खाकर कहा था, कि कल तक तुम्हें जान से मार देंगे। आदेश तो नहीं मिला उसका भाई आदित्य उसे दिखाई दे गया। तभी उसने आदित्य को गोली मार दी।