शाहजहांपुर। गांधी भवन में शाहजहांपुर रंग महोत्सव (अखिल भारतीय नाट्य एवं नृत्य प्रतियोगिता) के अंतर्गत संगीत-संवाद का महा मुकाबला शनिवार से शुरू हो जाएगा। महोत्सव में प्रतिभाग करने के लिए टीमों का आना शुरू हो गया है। उद्घाटन दोपहर 12 बजे होगा।
आयोजन सचिव शमीम आजाद ने बताया कि काकोरी कांड के अमर शहीदों की स्मृति में होने वाले चार दिवसीय रंग महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आयोजन स्थल गांधी भवन में प्रकाश-ध्वनि आदि की व्यवस्था की जा रही है, जो देर रात तक पूरी होने की उम्मीद है। महोत्सव में उड़ीसा, आसाम, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नई दिल्ली, उत्तराखंड, बिहार, यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड आदि राज्यों के नाट्य और नृत्य दल आ रहे हैं।
महोत्सव में जहां नाट्यप्रेमियों को विभिन्न राज्यों की टीमों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले नाटकों का मंचन देखने को मिलेगा। वहीं शास्त्रीय संगीत और लोककलाओं पर आधारित नृत्य देखे जा सकेंगे। नृत्य प्रतियोगिताएं पूर्वांह 11 से शाम चार बजे तक तथा उसके बाद रात 12 बजे तक नाटकों का मंचन होगा। इस बार महोत्सव में करीब दो दर्जन नाटकों का मंचन होगा।