एक सप्ताह से लापता युवक का रेल ट्रैक किनारे मिला शव
रोजा (शाहजहांपुर)। एक सप्ताह पहले घर से लापता युवक का शव रविवार रात रोजा-कहलिया रेलवे स्टेशन के बीच रेल ट्रैक के पास पड़ा मिला। उसकी जेब से कई रेल टिकट भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन से गिरकर उसकी मौत हुई है। जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिवार वाले किसी तरह का आरोप नहीं लगा रहे। किसी रंजिश से भी इंकार कर रहे हैं।
सेहरामऊ दक्षिणी थाने के गांव सहजापुर निवासी 21 वर्षीय रोहित पुत्र विमल किशोर बिजली के मीटर लगाने और मेहनत-मजदूरी करता था। कुछ दिन उसने हरिद्वार की एक कंपनी में भी काम किया। बाद में घर आ गया। बकौल विमल किशोर अक्सर रोहित नौकरी करने चला जाता था। करीब एक सप्ताह पहले वह घर से बिना कुछ बताए निकला था। परिवार वालों ने ज्यादा चिंता नहीं की। थाने में भी गुमशगदी दर्ज नहीं कराई। शनिवार रात रोजा-कहलिया के बीच रेल लाइन किनारे रोहित का शव पड़ा होने की सूचना मिली। उनकी किसी से रंजिश नहीं है। रोहित दो भाइयों में बड़ा था। उसके छोटे भाई का नाम मोहित है। इधर, जीआरपी रोजा पोस्ट प्रभारी बलजीत यादव ने बताया कि रात करीब 1:10 बजे मालगाड़ी के चालक ने ट्रैक किनारे शव पड़ा होने की सूचना दी थी। शिनाख्त के बाद परिवार वालों को सूचना दी गई। मृतक की जेब से 27 जनवरी का रोजा से कहलिया का रेल टिकट मिला है। इसके अलावा बरेली-शाहजहांपुर और शाहजहांपुर-बरेली के भी पुराने रेल टिकट मिले हैं। उसकी मौत ट्रेन से गिरने की वजह से होने की आशंका जताई जा रही है। फिर भी पड़ताल की जा रही है।