बिना लाइसेंस के चल रही हैं कई देशी शराब की दुकानें
अमर उजाला ब्यूरो
मिर्जापुर। क्षेत्र में देशी शराब के ठेकेदार और आबकारी विभाग की साठगांठ से बिना लाइसेंस की दुकानें चलाकर लाखों के राजस्व को चूना लगा रहे हैं। भाजपा जिला मंत्री/विधानसभा क्षेत्र जलालाबाद के प्रभारी रमाकांत मिश्र ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जांच करवाने की मांग की है।
भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि मिर्जापुर ब्लॉक क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2017-18 में ग्राम पृथ्वीपुर-ढाई और ग्राम पहाड़पुर में देशी शराब की दुकानों के लाइसेंस आबकारी विभाग की ओर से निर्गत हैं। जबकि आबकारी विभाग और ठेकेदार के गठजोड़ से मिर्जापुर कस्बे की अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकान पर खुलेआम देशी शराब की बिक्री की जा रही है। यही नहीं आबकारी विभाग ने कलान थाना क्षेत्र के ग्राम नौगंबामुबारिकपुर में दो देशी शराब की दुकानों के लाइसेंस निर्गत किए हैं। इनमें मुबारिकपुर के नाम से निर्गत देशी शराब की लाइसेंसी दुकान मिर्जापुर थाना क्षेत्र के ग्राम थरिया में चल रही है।
000
कलान थाना क्षेत्र के ग्राम मुबारिकपुर की देशी शराब की दुकान यदि मिर्जापुर थाना क्षेत्र के ग्राम थरिया में चल रही है, तो यह गलत है। इसकी जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।- जितेंद्र कुमार, जिला आबकारी अधिकारी