आज से जंचेंगी यूपी बोर्ड की कापियां, तैयारियां पूरी
दो सौ डिप्टी हेड और 1907 परीक्षक जांचेंगे 772981 कापियां
हाईस्कूल और इंटर के मूल्यांकन के लिए बनाए गए हैं चार केंद्र
डीआईओएस ने किया केंद्रों का निरीक्षण, सीसीटीवी कैमरे और अन्य व्यवस्थाएं देखीं
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा का मूल्यांकन शनिवार से शुरू हो रहा है। मूल्यांकन के लिए कक्षावार दो-दो केंद्र बनाए गए हैं। चारों केंद्रों पर मूल्यांकन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को मुख्य नियंत्रक/ डीआईओएस अशोक कुमार गुप्ता ने चारों मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उप नियंत्रकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं, गैर जनपदों से उत्तर पुस्तिकाओं के आने का सिलसिला भी दिनभर चलता रहा और यहां की कापियां बोर्ड द्वारा तय बाहरी केंद्रों पर भेजी गईं।
बतादें कि बोर्ड परीक्षा की इंटर की कापियों के मूल्यांकन के लिए नगर में राजकीय इंटर कॉलेज और इस्लामिया इंटर कॉलेज तथा हाईस्कूल के लिए एसपी कॉलेज और एबी रिच इंटर कॉलेज (मिशन स्कूल) को केंद्र बनाया गया है। परिषद ने मूल्यांकन के लिए जीआईसी में 40 डिप्टी हेड और 358 परीक्षक, इस्लामिया कॉलेज में 44 डिप्टी हेड ओर 398 परीक्षक, एसपी कॉलेज में 61 डिप्टी हेड और 618 परीक्षक तथा एबी रिच इंटर कॉलेज में 55 डिप्टी हेड और 533 परीक्षक नियुक्त किए हैं। यानी यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए दो सौ डिप्टी हेड और कुल 1907 परीक्षक नियुक्त किए गए हैं, जो सात लाख 72 हजार नौ सौ इक्यासी उत्तर पुस्तिकाओं को जांचेंगे।
मूल्यांकन के लिए जीआईसी में 16, इस्लामिया में 13, एसपी कॉलेज में 15 और एबी रिच कॉलेज में 10 कक्षों में मूल्यांकन कार्य चलेगा, सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की भी व्यवस्था की गई है।
00
किस केंद्र पर कितनी कापियां हुईं आवंटित
यूपी बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन के लिए जीआईसी में इंटर की 211255, इस्लामिया इंटर कॉलेज में 222244 उत्तर पुस्तिकाएं आवंटित की गई हैं। इसी तरह एसपी कॉलेज में हाईस्कूल की 179228 उत्तर पुस्तिकाएं और एबी रिच इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पर 160254 कापियां आवंटित हुई हैं। इन उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल संबंधित कॉलेजों के दो-दो कोठार में कड़ी सुरक्षा में रखी गई हैं।