बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक निर्वाचन के लिए शुक्रवार को पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले के सभी 33 बूथों पर शाम चार बजे तक 46.39 प्रतिशत स्नातक मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। शुरुआती दो घंटे तक मतदान की रफ्तार बेहद धीमी रही। बाद में मतदान में कुछ तेजी आई, लेकिन मतदाताओं में वोट डालने को लेकर विधानसभा चुनाव जैसा उत्साह नहीं दिखा। एमएलसी चुनाव में जिले के 18249 मतदाताओं के लिए मुख्यालय समेत विभिन्न तहसीलों और विकास खंडों में 19 मतदान केंद्र बनाकर इतने ही जिला स्तरीय अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। मुख्यालय पर जिला पंचायत, नगरपालिका परिषद, तहसील सदर और भावलखेड़ा क्षेत्र पंचायत कार्यालय में एक दर्जन बूथ बनाए गए। डीएम कर्ण सिंह चौहान और एएसपी केबी सिंह के निर्देश पर सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियों के साथ पुलिस टीमें बृहस्पतिवार शाम को ही पहुंच गई थीं। इसी के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट ने भी ड्यूटी संभाल ली। शुक्रवार को सुबह आठ बजे से वोटिंग शुरू हो गई। उस वक्त सर्दी का असर होने की वजह से नौ बजे तक मुश्किल से दो फीसदी ही वोट पड़ पाए। दस बजे तक धूप निकल आई, लेकिन तब तक केवल 5.26 फीसदी वोट पड़ सके। दोपहर 12 बजे तक 16.43 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी के साथ बूथों पर मतदाताओं की गहमागहमी बढ़ी तो मतदान में भी तेजी आने लगी। दोपहर दो बजे तक मतदान प्रतिशत बढ़कर 32.76 हो गया। इस बीच, डीएम और एसपी ने कई बूथों का दौरा करके वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अंतिम दो घंटे में भी मतदान की रफ्तार तेज नहीं हो पाई। नियत समय शाम चार बजे तक कुल 8471 मतदाताओं ने वोट डाले। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम सर्वेश कुमार ने बताया कि सभी मतपेटिकाएं मुख्यालय मंगाकर उन्हें पुलिस के वज्र वाहन और दो राजपत्रित अधिकारियों की देखरेख मेें विशेष वाहन से रिटर्निंग अधिकारी/कमिश्नरी कार्यालय बरेली भेजा जा रहा है।
स्नातक एमएलसी चुनाव में शुक्रवार को मतदान बेहद फीका रहा। पढ़े लिखे तमाम मतदाताओं ने बूथ तक पहुंचने की जरूरत नहीं समझी। शिक्षित लोगों से मतदान में भाग लेने की अपेक्षा ज्यादा रहती है, लेकिन स्नातक एमएलसी चुनाव में मतदाताओं ने मतदान करने में दिलचस्पी नहीं ली। बूथों पर किसी भी समय मतदाताओं की लाइन नहीं दिखी। पुवायां ब्लाक में कुल 15 सौ मतदाताओं में से मात्र 536 लोगों ने ही मतदान किया। खुटार में 707 वोटरों में 287 और बंडा में 957 मतदाताओं में 487 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। खुटार में 237 पुरुष और 50 महिला मतदाताओं ने वोट डाले।