शाहजहांपुर। 50 से अधिक छात्र संख्या और एक किलोमीटर से ज्यादा दूरी वाले स्कूलों का पुराने भवन में संचालन शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद 320 स्कूलों को पुराना भवन नसीब हो गया है। जनपद में मात्र 112 स्कूलों का ही विलय हुआ है। इनमें दो के प्रत्यावेदन आए हैं। इनके भी कम होने की संभावना है।
जनपद में 50 से कम छात्र संख्या और एक किलोमीटर से ज्यादा दूरी होने के बावजूद स्कूलों को विलय करने के लिए सूचीबद्ध कर लिया गया था। आरटीई के मानकों को दरकिनार कर बीईओ ने मनमानी करते हुए स्कूलों की रिपोर्ट दी थी। इसके चलते 432 स्कूलों को विलय करने की तैयारी थी। इसे लेकर विरोध होने के बाद लोगों ने धरना-प्रदर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे।
विरोध के चलते सीएम ने व्यवस्था में परिवर्तन कर दिया। जिसके बाद शिक्षा विभाग के अफसरों के तेवर नरम पड़ गए। इसके बाद दोबारा बीईओ के जरिये जांच कराई गई। नए नियम में जिन स्कूलों में छात्र संख्या 50 और एक किलोमीटर से ज्यादा दूरी है, उनका विलय नहीं किया गया है। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि 112 स्कूलों को विलय किया गया है। शेष भवन पुराने भवनों में संचालित कर दिए गए हैं।