शाहजहांपुर। आदर्श विकलांग कल्याण संस्थान और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के तत्वावधान में विश्व दिव्यांग सप्ताह के अंतर्गत रविवार को कार्यक्रम का आयोजन कर जरूरतमंद दिव्यांगों को प्रदेश के नगर विकास और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सहायक उपकरण वितरित किए
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि श्री खन्ना ने कहा कि दिव्यांगों के हित में जो भी कार्य किए जा रहे हैं वह सराहनीय हैं। दिव्यांगों की सेवा करना पुनीत कार्य है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे दिव्यांगों को मदद करने के साथ ही प्रत्येक क्षेत्र में कार्य करने के लिए भी प्रेरित करें। ताकि उनमें आत्मविश्वास पैदा हो। सरकार ने भी शारीरिक रूप से अक्षम लोगों के लिए तमाम प्रकार की योजनाएं संचालित की हैं। सभी दिव्यांग योजनाओं का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कैंप लगाकर दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्रों का आधार से लिंक किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के अलावा संस्थान के संरक्षक हरिशरण वाजपेयी, प्रदेश सचिव नीरज वाजपेयी, विभागीय अधिकारी हरीश कुमार ने दिव्यांगों को 30 ट्राइसाइकिलें, 45 जोड़ी बैशाखी और कान की दस मशीनें वितरित कीं। समारोह में रंगारंग कार्यक्रम भी हुए। दिव्यांगहित में काम करने वालों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में संस्थान जिलाध्यक्ष नंद कुमार दीक्षित, नरेंद्र सक्सेना, सुबोध शुक्ला, अकबर अली, दीप कुमार श्रीवास्तव, रमेश, ओमकार, मुकेश बाबू यादव, एपी सिंह, अशोक गुप्ता, दिनेश शुक्ला आदि मौजूद रहे।