आर्य महिला महाविद्यालय में कौमी एकता सप्ताह का समापन
आर्य महिला महाविद्यालय में कौमी एकता सप्ताह का समापन हो गया। अंतिम दिन छात्राओं ने राष्ट्र को अखंड बनाए रखने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई (एनएसएस) कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक अमितेश अमित ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अमित ने कहा कि हमारा देश हमेशा से ही धर्मनिरपेक्ष रहा है, अनेकता में एकता हमारी पहचान बन चुकी है, इसलिए इसे अखंड बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि वह देश की एकता-अखंडता के लिए काम करें। प्राचार्य डॉ. कनकरानी ने कहा कि स्वयंसेवक का कार्य प्रत्येक व्यक्ति को समाज से जोड़कर वसुधैव कुटुंबकम की परंपरा बनाए रखना होगा। हमारी वास्तविक शक्ति एकता में ही निहित है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रुचि द्विवेदी ने स्वयंसेवियों का आह्वान किया कि वह कोई भी ऐसा कार्य नहीं करें, जिससे राष्ट्र को क्षति पहुंचे। डॉ. संजीता अग्रवाल ने स्वयंसेवियों को अनुशासित जीवन जीने का संदेश दिया। डॉ. आलोक दीक्षित के संचालन में हुए आयोजन में डॉ. दुर्गावती सिंह, डॉ. निदा शाहिद आदि ने भी विचार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. एमपीएस चौहान, डॉ. अनुराग श्रीवास्तव, डॉ. मृदुल शुक्ला, डॉ. अनुपम दीक्षित आदि स्टाफ के सदस्य मौजूद रहे।
नवोदय में प्रवेश को दो दिसंबर तक भरें फार्म
शाहजहांपुर। कक्षा छह में प्रवेश के लिए जवाहर नवोदय के फार्म भरने की तिथि में बढ़ोत्तरी कर दी गई है। अब इच्छुक अभिभावक कक्षा पांच में अध्ययनरत अपने पाल्यों के प्रवेश फार्म दो दिसंबर तक भर सकते हैं। प्रधानाचार्य एके शुक्ल ने बताया कि अभिभावक ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रवेश फार्म भरने संबंधी अधिक जानकारी के लिए कॉलेज से संपर्क कर सकते हैं।