रक्षा संपदा संगठन के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे छावनी महोत्सव के तहत सोमवार को छठे दिन कैंट बोर्ड प्रशासन की ओर से दिलाजाक में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया। इस मौके पर डॉक्टरों की टीम ने विभिन्न व्याधियों से पीड़ित लगभग 300 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें जरूरी दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराईं।
इससे पूर्व, छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी ज्योति कुमार और कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष अवधेश दीक्षित ने संयुक्त रूप से कैंप का उद्घाटन किया। मेडिकल कैंप में जांच कराने को सुबह से बड़ी संख्या में मरीज उमड़ने लगे। क्रिएटिव आर्ट मैनेजमेंट ग्रुप के प्रबंध निदेशक नरेंद्र सक्सेना, छावनी परिषद के सदस्य गजेंद्र गंगवार, मुकेश कुमार, रेखा राना, नीलम वर्मा, उर्मिला, निशांत यादव आदि ने मरीजों के नाम-पते दर्ज कराकर उन्हें डॉक्टरों के पास जांच के लिए भेजा।
शिविर में शहर के प्रख्यात होम्योपैथ डॉ. रवि मोहन, डॉ. एमए खान, डॉ. केपी सक्सेना, डॉ. मोनिका गुप्ता आदि ने मरीजों का स्वास्थ्य जांचा। बदलते मौसम में दमा, खांसी, जाड़ा बुखार, एलर्जी, त्वचा रोग आदि के मरीज ज्यादा देख डॉ. रवि मोहन ने उन्हें धूल, धुएं, प्रदूषित वातावरण से दूर रहने और सर्दी से बचाव करने का सुझाव दिया। इस बीच, स्कूली बच्चों की रैली ने कैंट और छावनी परिषद के दुकानदारों से संपर्क करके उनसे पॉलीथिन का प्रयोग नहीं करने की अपील की।
कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष दीक्षित ने बताया कि मंगलवार को मेडिकल कैंप ग्राम मऊ में सुबह 10.30 बजे से लगाया जाएगा। इससे पूर्व, प्रात: छह बजे चैतन्य फाउंडेशन नई दिल्ली के योग गुरु अनूप जी छावनी परिषद विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर में योगासनों का महत्व बताकर उनका प्रायोगिक ज्ञान देंगे।