शाहजहांपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन 28 पीएमश्री विद्यालय और 16 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों को अधिकारियों ने गोद लिया है। अधिकारी इन विद्यालयों में व्यवस्था को ठीक कराने का जिम्मा उठाएंगे।
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने भावलखेड़ा ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय, सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह ने ददरौल ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय सिमरिया सहसपुर को गोद लिया है। वहीं एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय को कांट क्षेत्र के बरेंडा गांव का कंपोजिट विद्यालय, एडीएम न्यायिक राशिद अली को सीएस कटिया बुजुर्ग, पीडी डीआरडीए अवधेश राम को कंपोजिट विद्यालय लालपुर आजादपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह जीएसटी उपायुक्त प्रवेश तोमर को पीएस जलालाबाद नंबर एक, डीडीओ पवन कुमार सिंह को कंपोजिट विद्यालय लक्ष्मीपुर, जिला कृषि अधिकारी को कंपोजिट विद्यालय रक्सा, जिला आबकारी अधिकारी को सीएस नभीची विद्यालय गोद दिया गया है। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्कूलों में बच्चों के रहने, खाने, शौचालय, फर्नीचर समेत अन्य सुविधाओं को संबंधित अधिकारी देखेंगे। अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर जरूरत के अनुसार काम किया जाएगा।