तिलहर पुलिस की गिरफ्त में तस्करी का आरोपी। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर। तिलहर पुलिस, एसटीएफ व एसओजी ने मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चावल की भूसी से भरी डीसीएम में रखे कट्टों के बीच से दो क्विंटल 71 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है। गांजे की खेप उड़ीसा से खरीदकर लाई गई थी।
एसपी देहात दीक्षा भांवरे अरुण ने बताया कि मंगलवार की रात एसटीएफ प्रभारी मेरठ के इनपुट के आधार पर एसटीएफ, जनपदीय एसओजी व थाना पुलिस ने सरयू पुलिया के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। इस बीच डीसीएम को जांच के लिए रोका गया।
इसमें चावल की भूसी के कट्टे भरे थे। गहनता से तलाशी लेने पर नौ प्लास्टिक के बोरों में 132 पैकेट गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने चालक सुभाष सिंह निवासी ग्राम लदौडी थाना नूरपुर जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश को गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त डीसीएम भी कब्जे में लेकर सीज कर दी गई।
पुलिस ने चालक सुभाष से पूछताछ की। उसने बताया कि वह गांजे की खेप उड़ीसा के बृहमपुर निवासी राहुल से लाया था। इसमें बरेली का सनम मिश्रा भी सहयोगी है। गांजा सनम मिश्रा के बरेली स्थित रेस्टोरेंट पहुंचाना था। वे लोग 1500 रुपये प्रति किलो के हिसाब से माल खरीदकर लाते हैं और इसे आसानी से 3500 से चार हजार रुपये प्रति किलो बेच देते हैं।