बेहद जर्जर पुवायां से पूरनपुर तक रोड को 225.40 करोड़ की लागत से सिंगल लेन के स्थान पर टू लेन बताया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन टेंडर मांगे गए हैं। इससे पुवायां, बंडा और पूरनपुर के लोगों के आवागमन में सहूलियत होगी।
गौरतलब है कि उपरोक्त मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया जा चुका है और इसे एनएच 730 ए नाम दिया गया है। पुवायां से बंडा होते हुए पूरनपुर तक मार्ग बेहद ही जर्जर अवस्था में हैं और रोड में काफी गहरे गड्ढे होने के साथ ही रोड की दोनों साइडें भी कटी हुई हें। रोड खराब होने के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। रोड को सिंगल से टू लेन घोषित होने पर लोगों ने चैन की सांस ली थी, लेकिन काफी दिन से रोड निर्माण आदि के बारे में कोई जानकारी नहीं होने से लोग मायूस हो चले थे।
अब केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से पुवायां से पूरनपुर तक रोड निर्माण के लिए टेंडर डाले जाने की जानकारी प्रकाशित कराई गई है। रोड निर्माण की अनुमानित लागत 225.40 करोड़ बताते हुए इसके निर्माण को पूरा करने के लिए दो वर्ष का समय भी दिया गया है। इसके अलावा निर्माण करने वाली कंपनी को चार वर्ष तक रोड का रखरखाव भी करना होगा। रोड निर्माण के लिए टेंडर मांगे जाने की जानकारी से पुवायां, बंडा के लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि रोड निर्माण से उन्हें आवागमन में काफी सुविधा हो सकेगी।