गांव कूरा निवासी जगीर सिंह का 35 वर्षीय पुत्र छिंदर सिंह रविवार दोपहर अपने नौकर गांव के ही मंजीत कुमार के साथ बाइक से कहीं गया था। बिलंदापुर कूरा रोड पर गांव के पास वह किसी काम से रूक गया। इस दौरान पीछे से आए एक ट्रैक्टर चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी और हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रैक्टर पास की पुलिया तोड़ते हुए खाई में जा गिरा। ट्रैक्टर तीन दिन पहले ही खरीदा गया था। दुर्घटना के बाद चालक मौके से भाग निकला।
हादसे में छिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मंजीत कुमार घायल हो गया। जानकारी पाकर छिंदर के परिवार के लोगों के साथ गांव के तमाम लोग भी मौके पर पहुंच गए और ट्रैक्टर के पहियों की हवा आदि निकाल दी। कुछ लोग ट्रैक्टर में आग लगा देने की बात कहने लगे तो मौके पर मौजूद लोगों ने अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। जानकारी पाकर एसडीएम सलिल कुमार पटेल और सीओ उमेश शर्मा और बंडा पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम, सीओ ने लोगों को समझाकर शांत किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। छिंदर सिंह की मौत से पिता जगीर सिंह, पत्नी निर्मल कौर, पुत्र हरमन सिंह, सुखमनप्रीत सिंह, पुत्री मंजीत कौर का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतक के पिता जगीर सिंह की ओर से ट्रैक्टर चालक गांव जमुनिया के संतकुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।