लोक कलाओं से सराबोर रहा डॉ. सुदामा प्रसाद कॉलेज का स्वर्ण जयंती समारोह
नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रतिभागियों को बांटे पुरस्कार
शाहजहांपुर।
डॉ. सुदामा प्रसाद बाल विद्या मंदिर कन्या इंटर कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह में बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। वहीं, जल संरक्षण, पर्यावरण, बेटी बचाओ आदि पर आधारित नाटिकाओं से छात्र-छात्राओं ने संदेश दिए। शनिवार देर रात हुए समापन पर संसदीय कार्य एवं नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जल संरक्षण पर नाटिका, महाभारत के यक्ष-युधिष्ठिर प्रसंग पर इंग्लिश प्ले, लोकनृत्य, अमर शहीदों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम, शास्त्रीय नृत्य, महिषासुर मर्दिनी नृत्य नाटिका, डांडिया नृत्य, कश्मीरी नृत्य, राजस्थानी नृत्य, देशभक्ति पर आधारित नृत्य ने समां बांध दिया। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से बेटी बचाओ, पर्यावरण संरक्षण आदि का भी संदेश वार्षिकोत्सव में दिया गया।
अर्चना सक्सेना और उज्ज्वल मिश्रा के संचालन में हुए समारोह में प्रधानाचार्य डॉ. राखी मिश्रा और साधना अग्रवाल ने स्कूल की रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रबंध समिति के अध्यक्ष संतोष पांडेय ने आभार व्यक्त किया। समारोह के समापन पर कैबिनेट मंत्री के अलावा डीआईओएस डॉ. केएल वर्मा, प्रबंधक शशि बाला गुप्ता, एसएस कॉलेज प्राचार्य डॉ. अवनीश मिश्र, प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष डॉ. केके शुक्ला, प्रबंध निदेशक शशि खरे, समाजसेवी नंद किशोर खंडेलवाल आदि ने प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में अभिभावक, प्राइवेट स्कूलों के संचालक और अन्य गणमान्य मौजूद रहे।