फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। ओडिसा से कोयला लेकर पंजाब जा रही मालगाड़ी बृहस्पतिवार दोपहर रबर फैक्टरी के पास कपलिंग टूटने से दो हिस्सों में बंट गई। इंजन का हिस्सा आधा किमी आगे निकल गया तो ड्राइवर को पता लगा। बाद में भिटौरा में तकनीकी टीम ने अलग हिस्से को जोड़कर मालगाड़ी को आगे रवाना किया। इससे करीब घंटा भर ट्रैक बाधित रहा।
गुरुवार दोपहर बाद तीन बजे बरेली से कोयला लेकर एक मालगाड़ी रामपुर दिशा में जा रही थी। फतेहगंज पश्चिमी में माधोपुर ओवरब्रिज और रबर फैक्टरी के बीच कंप्रेशर लीक होने से कपलिंग टूट गई। जिससे मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। एक हिस्सा करीब आधा किमी आगे निकल गया। जब प्रेशर कुछ कम हुआ तो लोको पायलट को अहसास हुआ। उधर गार्ड ने मेमो देकर अधिकारियों को सूचना दी। जानकारी देने के बाद मालगाड़ी का अगला हिस्सा लेकर लोको पायलट भिटौरा स्टेशन पर पहुंचा और उसे वहीं खड़ा कर दिया। पीछे से तकनीकी टीम पहुंची और बरेली से नया इंजन मंगवाकर बाकी हिस्से को भिटौरा लाया गया। वहां टीम ने कपलिंग जोड़कर मालगाड़ी को आगे रवाना किया। इस दौरान करीब एक घंटा रेल यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान हावड़ा से हरिद्वार जा रही कुंभ एक्सप्रेस करीब पौन घंटा परसाखेड़ा स्टेशन पर खड़ी रही। भिटौरा स्टेशन मास्टर नरेश कुमार ने बताया कि एक घंटे रूट प्रभावित रहा। बरेली जंक्शन के प्रभारी स्टेशन प्रबंधक मुकेश वर्मा का कहना था कि वह चार बजे ड्यूटी पर आए थे। उससे पहले ही मामला सुलझ चुका था। कोई और ट्रेन इस हादसे से प्रभावित नहीं हुई।