शराब की दुकान हटाने के लिए प्रदर्शन
बहादुरगंज पचराहे पर जाम लगाकर की नारेबाजी
सदर इंस्पेक्टर ने आश्वासन देकर खुलवाया जाम
फोटो-11,12
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला बहादुरगंज पचराहे पर खोली गई शराब की दुकान बंद कराए जाने की मांग को लेकर मोहल्ले के लोगों व आसपास के दुकानदारों ने जाम लगा दिया। इस दौरान लोगों ने पुलिस व आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। लगभग डेढ़ घंटे तक लोगों को जाम से जूझना पड़ा। मौके पर पहुंचे सदर इंस्पेक्टर डीसी शर्मा ने लोगों को दुकान बंद कराए जाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
मोहल्ले के लोगों ने विरोध करते हुए बताया कि इस घनी आबादी में इससे पहले शराब की कोई दुकान नहीं थी। इस रोड पर सांई बाबा का मंदिर भी और स्कूल भी हैं। यहां शराब की दुकान खोले जाने से मोहल्ले का माहौल खराब हो जाएगा। मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और स्कूली बच्चों से शराबी अभद्रता कर सकते हैं। जाम लगाए जाने की सूचना मिलते ही सदर इंस्पेक्टर डीसी शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुुंच गए और नारेबाजी कर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर दुकान हटवाए जाने का आश्वासन दिया। इस पर लोगों ने जाम खोल दिया। प्रदर्शन करने वालों में मो. साबिर, मो. आलम, मो. नसीम, मो. साजिद, मो. शमीम आदि शामिल थे।