शाहजहांपुर। लोकसभा चुनाव में ड्यूटी कटवाने के लिए सरकारी कर्मचारी अपनी-अपनी समस्या लेकर सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह के पास पहुंच रहे हैं।
सोमवार को सेंट पॉल्स स्कूल में प्रशिक्षण के दौरान सीडीओ के पास 150 कार्मिकों ने आवेदन किया। सीडीओ ने बताया कि वास्तविक और जरूरतमंद कर्मियों की ही ड्यूटी काटी जाएगी जो लोग खुद को बीमार बता रहे हैं, उनकी रिपोर्ट मेडिकल बोर्ड को भेजी जा रही है।
उन्होंने बताया कि जो महिला तीन माह से अधिक समय की गर्भवती है या महिला का छोटा बच्चा स्तनपान कर रहा है। किसी को गंभीर बीमारी है या उसके परिवार में बड़ी समस्या है। कोई दिव्यांग है तो उनकी ड्यूटी हटाने पर विचार किया जा रहा है।
जो लोग खुद को बीमार बताकर मेडिकल लगाकर आवेदन दे रहे हैं, उनके लिए सीएमओ की अध्यक्षता में बोर्ड बनाया गया है। इसमें जांच होने के बाद अगर बीमारी सही पाई जाती है तो उन्हें छुट्टी देने पर विचार किया जा रहा है। बगैर किसी बड़े कारण के किसी की ड्यूटी नहीं काटी जाएगी।
-
पति-पत्नी दोनों की लगी ड्यूटी, महिला ने कटवाने की मांग की
ददरौल ब्लॉक के संवियन विद्यालय टिकरी में सहायक अध्यापक अंबिका श्रीवास्तव ने डीडीओ पवन कुमार सिंह को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि लोकसभा चुनाव में ड्यूटी लगी है। उनके पति राहुल श्रीवास्तव ओसीएफ में कार्यरत हैं। उनके पति की भी चुनाव में ड्यूटी लगी है।
घर में उनकी नौ वर्ष की बेटी और 14 वर्ष का बेटा है। जबकि, उनके सास-ससुर की मौत हो चुकी है। घर में बच्चे अकेले रह जाएंगे। उन्होंने इस नियम का भी हवाला दिया है कि अगर पति-पत्नी दोनों की ड्यूटी लगी है तो उसमें से एक की ड्यूटी काटी जा सकती है। उन्होंने ड्यूटी कटवाने की मांग की है।