खुटार। गांव टाह खुर्द कलां में रविवार रात चोरों ने चार घरों में नकब लगाकर सवा लाख रुपये की नकदी और लगभग तीन लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए। पुलिस ने कुछ लोगों से पूछताछ की है।
गांव के शफीकुल खां ने बताया कि रविवार रात वह पत्नी, बच्चों के साथ आंगन में साे रहे थे। रात में किसी समय चोरों ने दीवार में नकब लगा दी और घुस आए। चोरों ने बक्से में रखे 43 हजार रुपये, पांच ग्राम के सोने के बुंदे, दो जोड़ी पायल चोरी कर लिया। सोमवार सुबह तलाश करने पर खाली बक्सा खेत में पड़ा मिला।
चोरों ने गांव के ही रियासत के घर नकब लगाई तो कमरे में रही अनाज की डेहरियां सामने पड़ गई। इसके बाद चोरों ने दूसरे स्थान पर नकब लगा दी और घर में घुसकर 50 हजार रुपये, सोने का हार, झाले, सहित लगभग तीन तोला सोना चोरी कर लिया।
चोरों ने गांव के ही लियाकत के घर भी नकब लगा दी और यहां से सोने के झाले, एक सोने की अंगूठी, दो चांदी की अंगूठी और सात हजार रुपये चोरी कर लिए। गांव के ही मुकीम खां फसल की रखवाली करने खेत गए थे। घर पर उनकी पत्नी मसनवी थीं। चोरों ने उनके घर भी नकब लगाकर 25 हजार रुपये चोरी कर लिए। मसनवी के घर से जेवर आदि चोरी होने से बच गए।
जिला मुख्यालय से पहुंची फॉरेसिंक टीम ने चोरी हुए घरों में जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। एसओजी टीम ने भी मौका मुआयना किया। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
शिवम सिंह, रोजा
शिवम सिंह, रोजा