जेब से 15 हजार रुपये निकाले जाने पर पुलिस को जानकारी देते रामसरन। संवाद
पुवायां। गांव हरना जमीने नगला निवासी रामसरन की मोपेड पर लिफ्ट लेने के बाद फौजी जैसे कपड़े पहने युवक ने जेब से 15 हजार रुपये निकाल लिए और भाग गया।
रामसरन ने पुलिस को बताया कि रविवार की दोपहर वह मोपेड से अपनी भांजी आरती के घर मोहम्मदी थाना क्षेत्र के गांव दिलावलपुर जा रहे थे। रास्ते में गांव समुलिया के धर्मकांटे के पास फौजी की यूनीफाॅर्म में एक युवक मिला और खुद को कुछ दूर तक ले चलने के लिए कहा। उन्होंने युवक को मोपेड पर बैठा लिया।
युवक कुछ दूर गांव बड़ागांव की गौंटिया पुलिया के पास उतर गया। इस बीच उन्होंने देखा तो जेब में रखे 15 हजार रुपये गायब थे। उनके शोर मचाने पर आरोपी भागने लगा और कुछ दूर जाकर दूसरी बाइक पर बैठकर भाग गया। इसके बाद रामसरन ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने रामसरन को साथ ले जाकर घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से जानकारी ली, लेकिन आरोपी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि रामसरन ने तहरीर नहीं दी है।
जेब से 15 हजार रुपये निकाले जाने के मामले की जानकारी नहीं है। पुलिस से पता किया जाएगा। तहरीर दी गई है तो रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
- प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां