शाहजहांपुर। तापमान में गिरावट के साथ ही बच्चों का स्वास्थ्य बिगड़ने लगा है। बुखार, खांसी और जुकाम के साथ ही सीने में जकड़न की समस्या से बच्चे पीड़ित हो रहे हैं। सीएचसी व राजकीय मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में ऐसे बच्चे काफी संख्या में पहुंच रहे हैं।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग की ओपीडी में रोजाना ही करीब 90 बच्चे पहुंचते हैं। इनमें 30 से 35 बुखार, खांसी, जुकाम और पेट की समस्या से ग्रस्त होते हैं। प्राचार्य डॉ.राजेश कुमार ने बताया कि सर्दी की शुरुआत जुकाम से होती है। बुखार आने के साथ ही तेज सांस चलने लगती है। ऐसी स्थिति में बच्चे को सर्दी से बचाना चाहिए।
तिलहर। मौसम के करवट लेते ही लोगों की सेहत पर विपरीत असर पड़ा है। ठंड बढ़ते ही सर्दी–जुकाम और वायरल बुखार से मरीज जूझने लगे हैं। रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। राजनपुर पीएचसी में डॉ.अभिषेक जौहरी ने लगभग 70 मरीजों की जांच की। इनमें से 30 मरीजों के खून का नमूना जांच के लिए भेजा गया।
रमापुर पीएचसी में डॉक्टर का पद रिक्त होने के कारण फार्मासिस्ट संजीव कुमार ने मरीजों को देखा। 60 मरीजों की जांच की। कुंवरगंज पीएचसी के प्रभारी डॉ. अनुराग गुप्ता ने 50 मरीजों का परीक्षण किया। बताया कि मौसम में लगातार बदलाव के कारण जुकाम, बुखार, खांसी और पेट संबंधी बीमारियों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
-
मेले में 18 मरीजों का परीक्षण किया
सेहरामऊ दक्षिणी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगे जन आरोग्य मेले में चर्म रोग, सर्दी, बुखार व गठिया से पीड़ित 18 मरीजों की जांच की गई। मेले में डॉ.उस्मान अली, फार्मासिस्ट शरीफ खां, लैब टेक्नीशियन अंकित कुमार व अपूर्व अग्निहोत्री मौजूद रहे। संवाद