पुवायां। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को एक मैरिज लान में आयोजित कार्यक्रम में 143 जोड़ों की शादी कराई गई। शादी के बाद वर-वधू पक्ष को उपहार व आशीर्वाद देकर विदा किया गया।
सोमवार सुबह से ही मैरिज लान में वर और वधू के साथ लोगों का आना शुरू हो गया था। उसके बाद पुवायां, बंडा, खुटार, सिंधौली आदि से आए 143 जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार, विधायक चेतराम, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, पुवायां नगरपालिका अध्यक्ष संजय गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार आदि ने वर-वधू को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
नेता और अफसरों के लिए कूलर, भीषण गर्मी में परेशान रहे लोग
सामूहिक विवाह स्थल पर नेताओं और अधिकारियों के लिए कूलर लगवाए गए थे, लेकिन वर और वधू पक्ष के लोगों के बैठने और भोजन वाले पंडाल में पंखे काफी कम लगवाए गए थे। इसके चलते महिलाएं और बच्चे गर्मी में बेहद परेशान रहे।
-
अव्यवस्थाएं रहीं हावी
सामूहिक विवाह समारोह स्थल पर अव्यवस्थाएं हावी रहीं। वर और वधू के साथ ही बरातियों और जनातियों को जूठी प्लेटाें के ढेर और मैट पर फैली गंदगी के बीच बैठकर भोजन करना पड़ा। जूठी प्लेटें हटवाने और सफाई कराने की जरूरत नहीं समझी गई। लोगों ने अफसरों से शिकायत भी की, पर सफाई करने वाले नदारद रहे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के तहत 143 शादियां हुई हैं। पंडाल में पंखे लगवाए गए थे। गर्मी अधिक होने के कारण दिक्कत हुई। भोजन वाले पंडाल में सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी, सफाई क्यों नहीं की गई इस संबंध में संबंधित से बात करेंगे।
-राजेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी शाहजहांपुर
पुवायां में सामूहिक विवाह समारोह में वर-वधु को उपहार देते राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार। संवाद
पुवायां में सामूहिक विवाह समारोह में वर-वधु को उपहार देते राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार। संवाद